Home दिल्ली-एनसीआर Gurugram Accident: एंबियंस आइलैंड के गोल्फ कोर्स तालाब में डूबने से 2...

Gurugram Accident: एंबियंस आइलैंड के गोल्फ कोर्स तालाब में डूबने से 2 बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

0
19

Gurugram Accident: एंबियंस आइलैंड के गोल्फ कोर्स तालाब में डूबने से 2 बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गुरुग्राम के वीवीआईपी इलाके एंबियंस आइलैंड स्थित गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे नाथूपुर गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार मृत बच्चों की उम्र 10 और 11 वर्ष बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गुरुवार शाम दोनों बच्चे घर से खेलने के लिए निकले थे। खेलते-खेलते वे एंबियंस मॉल के पीछे स्थित एंबियंस आइलैंड इलाके में पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे सुरक्षा घेरा पार कर गोल्फ कोर्स के अंदर बने कृत्रिम तालाब तक पहुंच गए, जहां नहाने के दौरान वे गहरे पानी में डूब गए।

घटना की जानकारी देर रात पुलिस को मिली, जिसके बाद डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चे गोल्फ कोर्स के हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र तक कैसे पहुंचे।

इस दर्दनाक हादसे के बाद एंबियंस आइलैंड और गोल्फ कोर्स जैसी हाई-प्रोफाइल लोकेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा इंतजाम मजबूत होते तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के द्वारका इलाके में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां पानी में डूबने से बच्चों की मौत हुई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हादसे से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। वहीं गांव में दोनों बच्चों की मौत के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here