Gurugram Encounter: गुरुग्राम एनकाउंटर में बड़ी सफलता: नजफगढ़ गवाह हत्याकांड के वांटेड आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को शुक्रवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब नजफगढ़ डबल मर्डर केस से जुड़े अहम गवाह नीरज तेहलान की हत्या में वांटेड दो आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस संयुक्त ऑपरेशन ने न केवल फरार अपराधियों को पकड़कर पुलिस की साख को मजबूत किया है, बल्कि दिल्ली-हरियाणा में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क पर भी बड़ा प्रहार किया है।
शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे गुरुग्राम के सेक्टर-99 इलाके में पुलिस ने घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी मोहित जाखड़ (29), निवासी गोयला खुर्द, छावला, दिल्ली, और जतिन राजपूत (21), निवासी द्वारका मोड़, दिल्ली पुलिस के घेरे में आए, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ने मिलकर छह राउंड गोलियां चलाईं। एक गोली हेड कांस्टेबल नरपत की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि दूसरी सब इंस्पेक्टर विकास के हाथ में लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया।
घायल आरोपियों को तुरंत सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मौके से पुलिस ने दो लोडेड पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मोहित और जतिन इस साल 4 जुलाई को नजफगढ़ में नीरज तेहलान की हत्या के बाद से फरार चल रहे थे। नीरज तेहलान चर्चित सैलून डबल मर्डर केस में गवाह था। उसकी हत्या के पीछे गवाहों को डराने और आपराधिक गैंग की साजिश की संभावना जताई जा रही है।



