Gurugram Crime: गुरुग्राम में मॉडल के सामने अश्लील हरकत करने वाले असिस्टेंट मैनेजर गिरफ्तार
गुरुग्राम, साइबर सिटी गुरुग्राम में दिनदहाड़े सड़क पर एक मॉडल के सामने अश्लील हरकत करने वाले 32 वर्षीय अभिलाष कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अभिलाष कुमार सेक्टर-49 में किराए के मकान में रहता है और एक कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
घटना 4 अगस्त की है जब जयपुर से गुरुग्राम आई मॉडल राजीव चौक बस स्टॉप पर कैब का इंतजार कर रही थी। उसी समय आरोपी ने मॉडल के सामने अपनी पैंट की ज़िप खोलकर अश्लील हरकतें कीं। घटना के दौरान मॉडल ने अपने मोबाइल से पूरा वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू हो गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान कर सेक्टर-49 से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। वह रोजाना अपने किराए के मकान से राजीव चौक होते हुए कंपनी जाता है। घटना वाले दिन वह अपने बेटे के स्कूल की पैरेंट-टीचर मीटिंग से लौट रहा था, तभी उसने यह कुकर्म किया।
मॉडल ने बताया कि घटना के वक्त वह सुरक्षित रहने की कोशिश कर रही थी और इस घटना के बाद उसने दोबारा कैब बुक की और डरते-डरते घर पहुंची। कई लोगों ने कहा कि उसे चिल्लाना या थप्पड़ मारना चाहिए था, लेकिन उसने कहा कि उस वक्त लड़की के दिमाग में क्या चलता है, कोई नहीं समझता।
गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



