Greater Noida Nikki Murder Case: ग्रेटर नोएडा निक्की मर्डर केस: दहेज हत्या में ससुर और जेठ गिरफ्तार, चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका निक्की के फरार जेठ और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में एफआईआर में दर्ज सभी चारों नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। रविवार को पुलिस ने निक्की की सास को गिरफ्तार किया था, जबकि उसके पति विपिन भाटी को पुलिस मुठभेड़ में घायल करने के बाद हिरासत में लिया गया था। अब सोमवार सुबह जेठ रोहित भाटी और कुछ ही देर बाद निक्की के ससुर की गिरफ्तारी के साथ केस की गुत्थी लगभग सुलझ गई है।
कासना थाना पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर निक्की के जेठ रोहित भाटी (28) को सिरसा टोल चौराहे से दबोचा। उसके खिलाफ 22 अगस्त को हत्या, चोट पहुंचाने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि फरार होने के प्रयास में जुटे अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
निक्की की शादी साल 2016 में कासना थाना क्षेत्र के रहने वाले विपिन भाटी से हुई थी। शादी के बाद से ही निक्की को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। आरोप है कि कुछ दिनों पहले निक्की को बुरी तरह पीटा गया और फिर जिंदा जला दिया गया। इस अमानवीय घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया और सोशल मीडिया पर भी लोगों में गुस्सा देखने को मिला।
पुलिस के अनुसार, निक्की की हत्या में उसके पति विपिन, जेठ रोहित, सास और ससुर चारों शामिल थे। प्राथमिकी दर्ज होते ही सभी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। रविवार को मृतका की सास को हिरासत में लिया गया और भागने की कोशिश कर रहे पति विपिन को पुलिस ने पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। फिलहाल वह 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस केस में सबूतों और गवाहों के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी। वहीं निक्की के परिजनों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।



