Home खेल FIFA World Cup 2022: क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना...

FIFA World Cup 2022: क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना टूटा, रोते हुए छोड़ा मैदान

0
325

मोरक्को की टीम ने इतिहास रच दिया है। यह टीम सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बन गई है। अल थुमामा स्टेडियम में खेले गए मैच में मोरक्को ने पुर्तगाल को 1-0 से हरा दिया। इस हार के साथ ही पुर्तगाल और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप में अभियान समाप्त हो गया। रोनाल्डो मैच के बाद रोते हुए दिखे और स्टेडियम से बाहर गए।

मोरक्को ने रचा इतिहास

मोरक्को से पहले अफ्रीका की तीन टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंची हैं, लेकिन तीनों को हार का सामना करना पड़ा था। 1990 में कैमरून, 2002 में सेनेगल और 2010 में घाना क्वार्टर फाइनल में हार गई थी। वहीं, पुर्तगाल की टीम पहली बार फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में हारी है। इससे पहले दो बार टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। 1966 में डीपीआर कोरिया को क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल ने 5-3 से और 2006 में इंग्लैंड को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से हराया था। रोनाल्डो का यह पांचवां वर्ल्ड कप था। हालांकि, उन्होंने सभी वर्ल्ड कप मिलाकर कुल आठ नॉकआउट मुकाबले खेले हैं और किसी में भी गोल करने में कामयाब नहीं रहे हैं। इसमें तीसरे स्थान के लिए मैच भी शामिल है। सभी पांच वर्ल्ड कप मिलाकर रोनाल्डो ने नॉकआउट स्टेज में मैदान पर 570 मिनट बिताए हैं और कोई गोल नहीं किया है। इस दौरान उन्होंने 27 शॉट अटेम्प्ट भी किए।

रोनाल्डो का आखिरी वर्ल्ड कप

ऐसा माना जा रहा है कि यह 37 साल के रोनाल्डो का आखिरी वर्ल्ड कप है। इसके बाद वह इस टूर्नामेंट में नहीं दिखेंगे। ऐसे में वर्ल्ड कप में कथित आखिरी मैच में रोनाल्डो ने एक खास रिकॉर्ड की भी बराबरी की। उन्होंने सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच के रिकॉर्ड की बराबरी की। यह रोनाल्डो का 196वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। उन्होंने कुवैत के बदेर अल मुतावा के रिकॉर्ड की बराबरी की। इससे पहले ग्रुप स्टेज के पहले मैच में रोनाल्डो ने एक गोल भी दागा था। वह वर्ल्ड कप के पांच संस्करण में गोल दागने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी हैं। अब सेमीफाइनल की तीन टीमें मिल चुकी हैं। अर्जेंटीना और क्रोएशिया पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। ये दोनों टीमें आपस में भिड़ेंगी। वहीं, मोरक्को का सामना इंग्लैंड और फ्रांस के बीच जीतने वाली टीम से होगा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here