कृष्णा नगर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार जारी जनता को समर्पित चौथा “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” : हर्ष मल्होत्रा
दीपक गाबा और डॉ.अनिल गोयल भी रहे मौजूद
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : केन्द्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कृष्णा नगर विधानसभा में “आयुष्मान आरोग्य मन्दिर” का उद्घाटन किया | हर्ष मल्होत्रा नें विधानसभा के चौथे ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का लोकार्पण किया। हर्ष मल्होत्रा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। आज पूरी दिल्ली में मकर संक्रांति पर 81 नए केंद्रों का शुभारंभ हुआ है, और यह हमारी ट्रिपल इंजिन की सरकार की ‘स्पीड और स्केल’ का ही प्रमाण है कि मात्र 11 महीनों में 319 आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र जनता को समर्पित किए जा चुके हैं। दिल्ली की इस व्यापक विकास यात्रा में हमारी पूर्वी दिल्ली लोकसभा अंतर्गत कृष्णा नगर भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है और यह चौथा केंद्र उसी कड़ी का एक अहम हिस्सा है, जहाँ अब ‘होलिस्टिक हेल्थकेयर’ के माध्यम से नागरिकों को बेहतर उपचार मिलेगा। कृष्णा नगर से विधायक डॉ अनिल गोयल ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर इलाज पहुँचाया जा रहा है। यहाँ निःशुल्क परामर्श, आवश्यक दवाइयाँ, जांच सुविधाएँ, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएँ, टीकाकरण तथा गैर-संचारी रोगों की जांच जैसी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। डॉ अनिल गोयल ने आयुष्मान भारत योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। स्थानीय नागरिकों ने भी इस केंद्र के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस मौके पर हर्ष मल्होत्रा, भाजपा शाहदरा ज़िला अध्यक्ष दीपक गाबा, कृष्णा नगर विधायक डॉ अनिल गोयल, डेम्स के चेयरमेन निगम पार्षद संदीप कपूर व राजू सचदेवा,जिला प्रवक्ता भारत गौड़ की विशेष उपस्थिति रही |



