Delhi Water Bill Relief: दिल्लीवालों के लिए दिवाली गिफ्ट: बढ़े हुए पानी के बिलों पर लेट पेमेंट 100% माफ
दिल्ली की बीजेपी सरकार ने दिवाली से पहले राजधानी के लाखों परिवारों को बड़ी राहत दी है। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने घोषणा की है कि बढ़े हुए और बकाया पानी के बिलों पर लेट पेमेंट सरचार्ज (LPSC) को 100% माफ कर दिया गया है। इस कदम से वे परिवार जो पानी के बिलों के बढ़ते हुए भार से जूझ रहे थे, उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
प्रवेश वर्मा ने बताया कि यह योजना अगले महीने से लागू होगी और यह एकमुश्त योजना होगी, यानी इसे दोबारा लागू नहीं किया जाएगा। योजना विशेष रूप से घरेलू (डोमेस्टिक) और सरकारी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए लागू होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की यह पहल आम नागरिकों के आर्थिक बोझ को कम करने के उद्देश्य से उठाई गई है और यह जन-कल्याणकारी नीतियों का हिस्सा है।
इसके अलावा, मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अब पानी के बकाया बिलों पर लगने वाली ब्याज दर को घटाकर 2% मासिक कर दिया गया है, जबकि पहले यह 5% थी। इस कदम से उन उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी जिनके बकाया बिल समय पर नहीं चुकाने के कारण लगातार बढ़ते चले जाते थे।
अवैध वाटर कनेक्शनों को वैध बनाने की प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है। पहले अवैध कनेक्शन को वैध करने के लिए उपभोक्ताओं को 26,000 रुपये तक का भुगतान करना पड़ता था, जिसे अब मात्र 1,000 रुपये में किया जा सकेगा। इस फैसले से आर्थिक तंगी के कारण अपने कनेक्शन वैध नहीं कर पाने वाले परिवारों को भी लाभ मिलेगा।
इस योजना से अनुमानित 16 लाख परिवारों को प्रत्यक्ष राहत मिलेगी। दिल्ली जल बोर्ड में कुल 27 लाख उपभोक्ताओं में से पिछले कुछ वर्षों में लगभग 16 लाख को बढ़े हुए बिलों का सामना करना पड़ा है। कई परिवारों ने बिलों के बढ़ते भार के कारण भुगतान रोक दिया था, जिससे जल निगम का राजस्व प्रभावित हुआ।


