Home क्राइम Delhi crime: दिल्ली में इंसानियत शर्मसार, सड़क पर तड़पते शख्स की मदद...

Delhi crime: दिल्ली में इंसानियत शर्मसार, सड़क पर तड़पते शख्स की मदद छोड़ मोबाइल चुराकर फरार हुए स्कूटी सवार, मौत के बाद सामने आया VIDEO

0
44

Delhi crime: दिल्ली में इंसानियत शर्मसार, सड़क पर तड़पते शख्स की मदद छोड़ मोबाइल चुराकर फरार हुए स्कूटी सवार, मौत के बाद सामने आया VIDEO

दिल्ली से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने समाज और कानून-व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी के रनहोला थाना क्षेत्र के विकास नगर इलाके में एक व्यक्ति सड़क पर अचानक गिर पड़ा और घंटों तक तड़पता रहा, लेकिन मदद के बजाय कुछ लोग उसे लूटकर फरार हो गए। समय पर इलाज न मिलने के कारण आखिरकार उस शख्स की मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

घटना शनिवार तड़के सुबह करीब 4 बजे के बाद की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति अचानक सड़क पर चक्कर खाकर गिर जाता है और बेसुध हालत में तड़पने लगता है। कुछ ही देर में स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचते हैं। शुरुआत में ऐसा लगता है कि वे मदद करने आए हैं, लेकिन उनमें से पीछे बैठा युवक उतरता है और जमीन पर पड़े शख्स का मोबाइल फोन उठाकर मौके से भाग जाता है।

वीडियो में यह भी सामने आया है कि आरोपियों को लगता है कि व्यक्ति नशे की हालत में है। कुछ देर बाद वही युवक दोबारा लौटता है और जमीन पर पड़े शख्स की जेब की तलाशी लेने लगता है। जब उसे वहां से कुछ नहीं मिलता और उसकी नजर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ती है, तो वह तुरंत स्कूटी पर बैठकर अपने साथी के साथ फरार हो जाता है।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इसके बाद भी कई घंटों तक वह व्यक्ति सड़क पर ही पड़ा तड़पता रहा। न तो किसी राहगीर ने समय पर मदद की और न ही किसी ने एंबुलेंस या पुलिस को सूचना दी। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, व्यक्ति को दिल का दौरा या मिर्गी का दौरा पड़ा हो सकता है। समय पर चिकित्सा सहायता न मिलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह करीब 8 बजे के बाद जब इलाके के लोग वहां इकट्ठा हुए, तब इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मृतक की पहचान की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार दोनों आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि राजधानी जैसे महानगर में भी इंसानियत किस हद तक गिर चुकी है। सड़क पर तड़पते इंसान की जान बचाने के बजाय उसे लूट लिया गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here