Delhi Turkman Gate: तुर्कमान गेट में अवैध निर्माण हटाने के दौरान बवाल, बॉडी कैम फुटेज से पत्थरबाजों की पहचान, 10 हिरासत में
दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में स्थित फैज़-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध निर्माण हटाने की एमसीडी कार्रवाई के दौरान देर रात कानून-व्यवस्था बिगड़ गई। हाईकोर्ट के आदेश के तहत चल रहे इस डिमोलिशन ड्राइव के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके पर तैनात पुलिस बल पर अचानक पत्थरबाज़ी शुरू कर दी, जिससे चार से पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
दिल्ली पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी। ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मियों ने बॉडी कैम पहन रखे थे, जबकि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। इन्हीं बॉडी कैम और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने पत्थरबाज़ी में शामिल लोगों की पहचान की। अब तक 10 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है और सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस और एमसीडी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी भी धार्मिक स्थल के खिलाफ नहीं थी। फैज़-ए-इलाही मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। कार्रवाई केवल मस्जिद के आसपास अतिक्रमित भूमि पर बने अवैध ढांचों पर की गई, जिनमें एक बारात घर का हिस्सा, कुछ अवैध दुकानें और एक डिस्पेंसरी शामिल हैं। इन सभी निर्माणों को पहले से ही अवैध घोषित किया जा चुका था और हाईकोर्ट के आदेश के बाद इन्हें हटाया गया।
डीसीपी सेंट्रल निधिन वालसन ने बताया कि यह अभियान रात करीब एक बजे शुरू हुआ था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने भीड़ को उकसाने की कोशिश की और पुलिस पर पत्थर फेंके। घायल पुलिसकर्मियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया और सभी की हालत स्थिर है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालना और पुलिसकर्मियों पर हमला करना गंभीर अपराध है। इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या पत्थरबाज़ी सुनियोजित थी और क्या इसके पीछे किसी तरह की साजिश थी। यदि ऐसा पाया गया, तो साजिश रचने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद तुर्कमान गेट और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।



