सत्य के साथ • आपके साथरविवार, 8 नवंबर 2026
ADVERTISEMENTविज्ञापन के लिए संपर्क करेंCPN NEWS • YOUR BRAND HERE
ताज़ा खबर
Delhi Building Collapse: दिल्ली में इमारतें नहीं, निगम का भ्रष्टाचार और प्रशासनिक व्यवस्था ढह रही है : श्याम सुन्दर अग्रवालFood Adulteration: मिलावट के खिलाफ मुख्यमंत्री का सड़क पर उतरना जन स्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण : रोमेश चंद्र गुप्ताFood Adulteration: मुख्यमंत्री की सक्रियता से मिलावटखोरों में मचेगा हड़कंप, जनता की सेहत से समझौता नहीं करेगी सरकार : गुरमीत सिंह सूराPoland Shooting: क्राकोव के मुख्य बाजार में कार से अंधाधुंध फायरिंग, छह लोगों की मौत, 15 घायल; हमलावर गिरफ्तारIND vs NZ: छोटे लक्ष्य का पीछा करने में छूटे भारत के पसीने, दूसरे वनडे में चार रन से जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़तSharad Pawar Health Update: शरद पवार की सेहत में सुधार, तीन दिन बाद मुंबई के अस्पताल से मिली छुट्टी; घर पर जारी रहेगा इलाजSonia Gandhi Memoir: मोदी सरकार पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप, आपातकाल और राजीव गांधी से रिश्ते पर भी बोलीं सोनिया; भाजपा का पलटवारBismillah Khan House: पुश्तैनी मकान पर बुलडोजर चलने के अखिलेश यादव के दावे को परिवार ने नकारा, खुद करा रहा पुनर्निर्माण; भूतल पर बनेगा संग्रहालय

Tantrik Fraud Delhi: दिल्ली में 79 वर्षीय बुजुर्ग से 39.30 लाख की ठगी, नकली तांत्रिक बनकर गहने चोरी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

4 मिनट पढ़ें
Delhi Tantrik Fraud, Shahdara Crime, Elderly Man Cheated, Gold Jewellery Theft, Delhi Police Arrest

Tantrik Fraud Delhi: दिल्ली में 79 वर्षीय बुजुर्ग से 39.30 लाख की ठगी, नकली तांत्रिक बनकर गहने चोरी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

दिल्ली के शाहदरा जिले में तंत्र-मंत्र के जरिए जमीन में दबा पुश्तैनी सोना निकालने का झांसा देकर एक 79 वर्षीय बुजुर्ग से 39.30 लाख रुपये की ठगी करने और उनके घर से करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर नकली तांत्रिक बनकर बुजुर्ग का भरोसा जीता और सोना निकालने के नाम पर उनसे नकद तथा यूपीआई के जरिए बड़ी रकम हासिल की। मामले में सीमापुरी थाने में एफआईआर नंबर 622/2026 दर्ज की गई है।

शिकायतकर्ता गिरिजेश सिंह ने पुलिस को बताया कि शोएब अली, महाकादर खान और कृष्णा पंडित के नाम से पहचान बताने वाले एक व्यक्ति ने उन्हें पुश्तैनी सोना निकालने का लालच दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बुजुर्ग का विश्वास जीतने के लिए उन्हें सोने का एक असली सिक्का दिखाया। इसके बाद कथित तांत्रिक अनुष्ठान कराने के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से उनसे कुल 39,30,588 रुपये ले लिए गए। बुजुर्ग को भरोसा दिलाया गया कि तंत्र-मंत्र की मदद से जमीन में दबा पुश्तैनी सोना निकाला जा सकता है।

शिकायत के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 की रात आरोपियों ने बुजुर्ग के घर पर कथित तौर पर तांत्रिक अनुष्ठान किया। इस दौरान मिट्टी से भरे स्टील के बर्तनों और नकली सोने की ईंटों का इस्तेमाल किया गया। बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि अनुष्ठान के दौरान उन्हें कोई नशीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गए। जब उन्हें होश आया तो उन्होंने अलमारी की जांच की, जहां से करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने गायब मिले। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शाहदरा जिला स्पेशल स्टाफ को सौंपी गई। इंस्पेक्टर आशीष कुमार के नेतृत्व में और एसीपी ऑपरेशन पवन कुमार की निगरानी में पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पूरी कार्रवाई शाहदरा जिले के डीसीपी आर.पी. मीणा की देखरेख में की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कथित मुख्य आरोपी की पहचान तहसीन उर्फ कृष्णा शर्मा उर्फ कृष्णा पंडित के रूप में की। उसे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित अंबा विहार से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर कृष्णा शर्मा की पहचान का इस्तेमाल करते हुए कृष्णा पंडित के नाम से तांत्रिक बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। जांच आगे बढ़ने पर शोएब अली और महाकादर खान को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि इन दोनों ने बुजुर्ग को मुख्य आरोपी से मिलवाने में भूमिका निभाई थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की पूरी साजिश में किस आरोपी की क्या भूमिका थी और क्या इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.73 लाख रुपये नकद, एक काली महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन, 11 अंगूठियां, कथित तांत्रिक अनुष्ठान में इस्तेमाल किए जाने वाले कपड़े, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद आधार कार्ड में से एक तहसीन और दूसरा कृष्णा शर्मा के नाम पर है। बरामद सामान और दस्तावेजों की जांच के जरिए पुलिस आरोपियों के बीच संबंधों और कथित ठगी के तरीके की जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल पुलिस 39.30 लाख रुपये की कथित ठगी से जुड़े नकद और यूपीआई लेन-देन की जांच कर रही है। इसके साथ ही रकम किन खातों में पहुंची, क्या अन्य लोग भी इससे लाभान्वित हुए और बुजुर्ग के घर से चोरी हुए सोने के गहने कहां हैं, इन पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

 

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया?

आपकी राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *