Delhi Sports Event: दिल्ली में UTT राष्ट्रीय रैंकिंग चैम्पियनशिप का समापन, खिलाड़ियों को मिला सम्मान
दिल्ली में खेल भावना और खिलाड़ियों के उत्साह को बढ़ावा देने के लिए आयोजित UTT द्वितीय राष्ट्रीय रैंकिंग चैम्पियनशिप 2025 का भव्य समापन शुक्रवार को हुआ। इस आयोजन में देशभर से आए सैकड़ों टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में दिल्ली सरकार के मंत्री परवेश वर्मा और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और सम्मान पत्र प्रदान कर उनकी मेहनत और संघर्ष को सराहा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री परवेश वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार और मुख्यमंत्री खेलों के प्रोत्साहन और खिलाड़ियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल युवाओं को स्वस्थ रखते हैं बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी सिखाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली में खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि टेबल टेनिस पिछले कुछ वर्षों में पूरी दुनिया में लोकप्रिय खेल बन चुका है और भारत में भी इस खेल ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और यह गर्व की बात है कि इस खेल में युवा पीढ़ी आगे बढ़ रही है। सिरसा ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेलों के साथ-साथ शिक्षा और नैतिक मूल्यों पर भी ध्यान दें ताकि वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकें।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने भी आयोजकों की सराहना की। दिल्ली में इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से खिलाड़ियों को मंच मिलता है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर भी मिलता है।
यह चैंपियनशिप न केवल खेल कौशल का प्रदर्शन थी, बल्कि खेलों के जरिए एकता और उत्साह का संदेश भी लेकर आई। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और जज्बे से साबित किया कि भारत में खेलों का भविष्य उज्ज्वल है और यदि उन्हें सही दिशा और प्रोत्साहन मिले तो वे विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयां छू सकते हैं।


