Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के 50 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-बीडीएस अलर्ट

0
27

Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के 50 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-बीडीएस अलर्ट

राजधानी दिल्ली एक बार फिर बम धमकी की दहशत में आ गई है। मंगलवार सुबह दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के करीब 50 से ज्यादा स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इनमें मालवीय नगर का एक स्कूल, करोल बाग के कई स्कूल, हौज रानी और प्रसाद नगर का आंध्रा स्कूल भी शामिल है। इस खबर के सामने आते ही अभिभावकों और छात्रों में भय का माहौल बन गया और प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया।

धमकी की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस ने बिना समय गंवाए सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा। डॉग स्क्वायड, बम डिस्पोजल स्क्वायड और फायर विभाग की टीमें अलग-अलग स्कूलों में पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए अभिभावकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बच्चों को सुरक्षित मानें।

दिल्ली में पिछले कुछ महीनों से लगातार इस तरह की धमकियां मिल रही हैं। ज्यादातर धमकियां ईमेल के जरिए भेजी जा रही हैं। दो दिन पहले ही राजधानी के 32 स्कूलों को बम धमकी वाले मेल मिले थे। उससे पहले 18 अगस्त को द्वारका इलाके में दो स्कूल और एक कॉलेज को इसी तरह के मेल मिले थे, जिसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल द्वारका भी शामिल था। उस समय भी बम निरोधक दस्ते को मौके पर भेजा गया और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।

इतना ही नहीं, 16 जुलाई को भी पश्चिम विहार, द्वारका और हौज खास स्थित पांच स्कूलों को इसी प्रकार की धमकियां मिली थीं। जांच में हर बार इन धमकियों को फर्जी पाया गया है, लेकिन बार-बार की घटनाओं ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को तनाव में डाल दिया है।

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को मिली ताजा धमकी के ईमेल में भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। फायर डिपार्टमेंट को सुबह 7 बजकर 24 मिनट पर सूचना दी गई। तुरंत बाद से पुलिस, बम निरोधक स्क्वायड और फायर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बार-बार मिल रही इन धमकियों के पीछे किसका हाथ है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। दिल्ली पुलिस साइबर सेल इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह संभव है कि किसी संगठित गिरोह द्वारा दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here