
Delhi Pollution Control: प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली में तेज हुई कार्रवाई, 10 दिनों में 13 हजार से अधिक चालान, संदीप कपूर ने गिनाए सरकार के प्रयास
नई दिल्ली (रविंद्र कुमार): राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण की समस्या पर नियंत्रण पाने और हवा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए दिल्ली सरकार और नगर निगम ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रदूषण के अलग-अलग स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रहा है। निगम की ओर से पिछले 10 दिनों के दौरान 13 हजार से अधिक चालान किए गए हैं। खुले में कचरा जलाने, निर्माण कार्यों के दौरान पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी करने और धूल फैलाने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके लिए दिन और रात दोनों समय निरीक्षण तथा गश्त की व्यवस्था की गई है।
दिल्ली नगर निगम की डेम्स कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर ने कहा कि राजधानी को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ट्रिपल इंजन सरकार पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है। प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए सरकार और नगर निगम के स्तर पर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जमीनी स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और जुर्माने की कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान तथा निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।
एमसीडी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 10 दिनों में निगम के भवन विभाग ने 1,559 निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान 449 निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया। इन स्थलों पर 68 लाख रुपये से अधिक का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है। निगम ने निर्माण गतिविधियों से होने वाले धूल प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए निरीक्षण और कार्रवाई की प्रक्रिया तेज की है, ताकि निर्धारित पर्यावरणीय नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा सके।

प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एमसीडी ने 164 रात्रि गश्ती दल और 134 दिन के गश्ती दल तैनात किए हैं। इसके अलावा धूल को नियंत्रित करने और हवा में प्रदूषणकारी कणों को कम करने के उद्देश्य से 167 वाटर स्प्रिंकलर तथा 40 एंटी स्मॉग गन भी तैनात की गई हैं। निगम की ओर से दिन और रात में लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे नियमों का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों की पहचान कर समय पर कार्रवाई की जा सके।
संदीप कपूर ने कहा कि प्रदूषण पर नियंत्रण केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इस अभियान में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुले में कचरा न जलाएं और निर्माण कार्यों के दौरान निर्धारित पर्यावरणीय नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी अपने स्तर पर प्रदूषण कम करने के प्रयास करने चाहिए। संदीप कपूर ने विश्वास जताया कि दिल्ली सरकार और नगर निगम की ओर से लगातार किए जा रहे प्रयासों तथा आम जनता के सहयोग से राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने में सफलता मिलेगी।





आपकी राय