Home दिल्ली-एनसीआर Delhi Pollution: ‘वर्क फ्रॉम होम लागू करें कंपनियां, नहीं तो होगी कार्रवाई’,...

Delhi Pollution: ‘वर्क फ्रॉम होम लागू करें कंपनियां, नहीं तो होगी कार्रवाई’, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की चेतावनी

0
45

Delhi Pollution: ‘वर्क फ्रॉम होम लागू करें कंपनियां, नहीं तो होगी कार्रवाई’, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की चेतावनी

दिल्ली में कंपकंपाती ठंड, घने कोहरे और खतरनाक स्तर पर पहुंच चुके प्रदूषण के बीच दिल्ली सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जो प्राइवेट कंपनियां वर्क फ्रॉम होम (WFH) लागू नहीं करेंगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पर्यावरण मंत्री ने दिल्ली के मौजूदा हालात के लिए पश्चिमी विक्षोभ को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि राजधानी में मौसम और प्रदूषण दोनों पर इसका असर साफ तौर पर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हालात को नियंत्रित करने के लिए लगातार जरूरी कदम उठा रही है।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से दिल्ली में ग्रैप-4 (GRAP-4) लागू किया गया है। इसके बाद से अब तक 2 लाख 12 हजार 332 पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट जारी किए जा चुके हैं, जबकि करीब 10 हजार पीयूसी सर्टिफिकेट रिन्यू भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों की पहचान कर रही है और जिन फैक्ट्रियों से नियमों का उल्लंघन सामने आएगा, उन्हें सील किया जाएगा।

वर्क फ्रॉम होम नहीं अपनाने वाली कंपनियों पर होगी सख्ती

पर्यावरण मंत्री ने बताया कि सरकार को जानकारी मिली है कि कुछ प्राइवेट कंपनियां अब तक वर्क फ्रॉम होम लागू नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा, “हम सभी कंपनियों से अनुरोध कर रहे हैं कि कर्मचारियों की सुरक्षा और प्रदूषण कम करने के लिए वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दें। अगर किसी कंपनी के खिलाफ शिकायत मिलती है या यह सामने आता है कि उसने निर्देशों का पालन नहीं किया है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

AQI 400 के पार, हालांकि हालात में थोड़ी राहत का दावा

दिल्ली में कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। हालांकि, मनजिंदर सिंह सिरसा ने दावा किया कि मौसम विभाग के अनुसार बीते दिन की तुलना में आज प्रदूषण स्तर में थोड़ी कमी दर्ज की गई है।

जल स्रोतों के पुनर्जीवन पर भी फोकस

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के विलुप्त हो चुके जल स्रोतों को दोबारा जीवित करने पर भी विशेष ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए ठोस योजना पर काम किया जा रहा है।

अपने बयान के अंत में मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार प्रदूषण के स्रोतों की पहचान कर उन्हें नियंत्रित कर सकती है, लेकिन उन्होंने इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा।

फिलहाल दिल्ली सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और आने वाले दिनों में प्रदूषण से निपटने के लिए और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here