Delhi Police: दिल्ली में बड़ा आतंकी खुलासा! ऐतिहासिक मंदिर समेत सैन्य कैंप और पुलिस ठिकाने थे निशाने पर, शहजाद भट्टी मॉड्यूल का पर्दाफाश
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की जांच में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े कथित शहजाद भट्टी मॉड्यूल को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कई चौंकाने वाली जानकारियां दी हैं, जिनसे यह साफ हुआ है कि दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर भी आतंकियों के निशाने पर था। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों ने मंदिर परिसर की रेकी कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, तैनात पुलिसकर्मियों और आसपास के इलाकों की तस्वीरें और वीडियो तैयार किए थे।
सूत्रों के अनुसार ये तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान में बैठे कथित आईएसआई हैंडलर्स और सोशल मीडिया के जरिए जुड़े लोगों तक भेजे गए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि साजिश सिर्फ रेकी तक सीमित नहीं थी, बल्कि मंदिर परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाकर गोलीबारी करने की योजना बनाई गई थी। एजेंसियों का मानना है कि इस हमले का मकसद बड़े स्तर पर दहशत फैलाना और सांप्रदायिक तनाव पैदा करना था।
दिल्ली पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि इस मॉड्यूल का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था। दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक प्रसिद्ध ढाबा भी आतंकियों के निशाने पर था। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि भीड़भाड़ वाले इस ढाबे पर हैंड ग्रेनेड हमला कर भारी तबाही मचाने की योजना बनाई गई थी। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि आतंकियों का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को नुकसान पहुंचाना और पूरे इलाके में भय का माहौल बनाना था।
इसके अलावा हरियाणा के हिसार में स्थित एक सैन्य कैंप की रेकी किए जाने का भी खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार कैंप की गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्था और आसपास के इलाकों के वीडियो पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजे गए थे। अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सैन्य प्रतिष्ठानों से जुड़ी और कौन-कौन सी संवेदनशील जानकारियां साझा की गई थीं।
जांच में यह भी सामने आया है कि मॉड्यूल का टारगेट सिर्फ दिल्ली और हरियाणा तक सीमित नहीं था। उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस स्टेशनों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाने की योजना थी। माना जा रहा है कि सुरक्षा बलों पर हमला कर आतंकवादी देश की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देना चाहते थे और लोगों के बीच डर का माहौल बनाना उनका मुख्य उद्देश्य था।
बता दें कि दिल्ली Police और केंद्रीय एजेंसियों ने हाल ही में दिल्ली समेत कई राज्यों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से हथियार, गोला-बारूद और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और कई राज्यों की पुलिस भी जांच एजेंसियों के साथ मिलकर इनपुट साझा कर रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल को फंडिंग कहां से मिल रही थी, सोशल मीडिया के जरिए कैसे संपर्क बनाए जा रहे थे और भारत में इनके नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए संवेदनशील धार्मिक स्थलों, सैन्य प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


