Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस ने रोहिणी एनकाउंटर में कुख्यात गैंग के तीन शार्प शूटरों को दबोचा
नई दिल्ली, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी इलाके में एनकाउंटर के बाद कुख्यात वसीम हशमत गैंग के तीन शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में रहमान (23), आदिल (23) और एक नाबालिग शामिल हैं। ये सभी शास्त्री पार्क में हुई ‘कमो पहलवान’ हत्याकांड में वॉन्टेड थे।
जांच में खुलासा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कमो पहलवान की हत्या दिल्ली के दो कुख्यात गैंगों के बीच चल रही खूनी रंजिश का हिस्सा थी। 30-31 दिसंबर 2025 की रात को गैंगस्टर वसीम हशमत की हत्या लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने की थी। अपने आका की मौत का बदला लेने के लिए जेल में बंद सोनू बंगाली के इशारे पर इन शार्प शूटरों ने 24 जनवरी 2026 को शास्त्री पार्क में कमो पहलवान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
27 जनवरी की रात करीब 11:45 बजे, रोहिणी सेक्टर-28 के पास पुलिस ने सफेद स्कूटी रोकने का इशारा किया। आरोपियों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में पैरों को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं और घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पता चला कि स्कूटी चोरी की थी। इस एनकाउंटर में एक गोली एसआई वीरेंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। दिल्ली पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि गैंगवॉर में शामिल अन्य गुर्गों और हथियार सप्लायर्स का पता लगाया जा सके।



