Delhi Police Encounter: दिल्ली केशव पुरम में पुलिस-लुटेरों की मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार

0
28

Delhi Police Encounter: दिल्ली केशव पुरम में पुलिस-लुटेरों की मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार

दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के केशव पुरम इलाके में मंगलवार देर रात पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक कुख्यात लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा मौके से पकड़ा गया। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, केशव पुरम थाने की एक टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में वांछित अपराधी मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम एक होटल के पास पहुंची, जहां दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे हुए थे। जैसे ही पुलिस टीम उनके नजदीक पहुंची, तभी एक आरोपी ने अचानक हेड कांस्टेबल मोहित पर गोली चला दी। हालांकि किस्मत से गोली कांस्टेबल को नहीं लगी।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। एक गोली सीधे हमलावर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल पीसीआर वैन से दीप चंद बंधु अस्पताल पहुंचाया।

घायल लुटेरे की पहचान राजू उर्फ अजय उर्फ कंगारू (33) के रूप में हुई है, जिस पर पहले से ही 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके साथी की पहचान रवि उर्फ गोटिया (30) के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ भी 7 आपराधिक मामले दर्ज पाए गए। मौके पर रवि गोटिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।

मुठभेड़ स्थल की जांच के लिए अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीम (FSL) को बुलाया गया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किस वारदात की योजना बना रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here