Delhi Encounter: एनकाउंटर के बाद दिल्ली पुलिस ने शातिर बदमाश ‘हड्डी’ को दबोचा, कई स्नैचिंग मामलों का होगा खुलासा
नई दिल्ली: आउटर दिल्ली के राज पार्क थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन उर्फ ‘हड्डी’ के रूप में हुई है, जो चेन स्नैचिंग की कई वारदातों में वांटेड था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि चंदन उर्फ हड्डी राज पार्क इलाके की रेलवे लाइन के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। मुठभेड़ के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस का कहना है कि चंदन उर्फ हड्डी लंबे समय से चेन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक वारदातों में सक्रिय था। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी के कब्जे से एक हथियार भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके गिरोह, साथियों और अब तक अंजाम दी गई वारदातों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में कई स्नैचिंग और अन्य आपराधिक मामलों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



