Home दिल्ली-एनसीआर Delhi Crime: दोस्ती के नाम पर साजिश, हत्या के बाद शव के...

Delhi Crime: दोस्ती के नाम पर साजिश, हत्या के बाद शव के टुकड़े कर यमुना में फेंका

0
28

Delhi Crime: दोस्ती के नाम पर साजिश, हत्या के बाद शव के टुकड़े कर यमुना में फेंका

राष्ट्रीय राजधानी में एक दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है, जिसने दोस्ती और भरोसे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन चलाने वाले 48 वर्षीय अनरूप गुप्ता की हत्या कर उनके शव के टुकड़े कर यमुना नदी में फेंक दिए गए। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।

जांच के मुताबिक मुख्य आरोपी हैप्पी उर्फ सूरज (29) ने करीब एक साल पहले अनरूप गुप्ता से दोस्ती की थी। धीरे-धीरे उसने गुप्ता का विश्वास जीत लिया, लेकिन उसकी नजर गुप्ता के सोने के आभूषणों और उनकी आर्थिक स्थिति पर थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को यह भी जानकारी थी कि गुप्ता परिवार से अलग रह रहे हैं, जिससे वह उन्हें आसान निशाना समझ बैठा।

18 फरवरी को आरोपी ने गुप्ता को मटियाला एक्सटेंशन स्थित अपने किराए के मकान पर पार्टी के बहाने बुलाया। वहां पहले से मौजूद साथियों के साथ मिलकर उसने गुप्ता को रस्सी से बांध दिया और पैसों की मांग करते हुए मारपीट की। जब गुप्ता ने बताया कि उनके सोने के गहने छत्तीसगढ़ सदन में खड़ी उनकी एसयूवी में हैं, तो आरोपी कार की चाबी लेकर वहां पहुंचे और गहने निकाल लिए। इसके बाद भी जब नकदी नहीं मिली तो आरोपियों ने गुप्ता की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान मिटाने के लिए शव के टुकड़े किए और उन्हें तीन प्लास्टिक बैग में भर दिया। फिर उसी एसयूवी से उत्तर प्रदेश के वृंदावन के पास यमुना नदी में जाकर बैग फेंक दिए। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने गुप्ता का मोबाइल फोन बंद नहीं किया और उसी से उनके स्टाफ और परिजनों को भ्रामक संदेश भेजते रहे, ताकि लगे कि वह जिंदा हैं।

23 फरवरी को परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और एनएचएआई टोल प्लाजा डेटा के विश्लेषण से पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ। फुटेज में गुप्ता को मटियाला स्थित इमारत में प्रवेश करते देखा गया, लेकिन बाहर निकलते नहीं। बाद में वही एसयूवी यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाती दिखाई दी।

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि लालच और सुनियोजित साजिश के तहत इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here