Home क्राइम Delhi Preet Vihar Murder: पार्किंग विवाद में 34 साल के युवक की...

Delhi Preet Vihar Murder: पार्किंग विवाद में 34 साल के युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

0
38

Delhi Preet Vihar Murder: पार्किंग विवाद में 34 साल के युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पार्किंग विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक 34 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात देर रात उस समय हुई जब एक घर के बाहर वाहन पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में प्रीत विहार थाने में रात 2:22 और 2:26 बजे दो पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थीं, जिसमें झगड़े और गोली चलने की सूचना दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि विवाद में पंकज नैयर (34) और उनके भाई पारस नैयर एक तरफ थे, जबकि दूसरी तरफ गौरव शर्मा और उसके साथियों का समूह मौजूद था।

जानकारी के मुताबिक पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों से तनाव चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए पंकज नैयर को नोएडा से बुलाया गया था, लेकिन बातचीत के बजाय बहस और फिर झगड़ा और बढ़ गया। इसी दौरान आरोप है कि गौरव शर्मा ने गोली चला दी, जो पंकज के सीने में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घायल पंकज को तुरंत निर्माण विहार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कर दी हैं और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद केवल पार्किंग को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्तिगत रंजिश में बदल गया और अंत में जानलेवा हमले में बदल गया।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here