Delhi Laxmi Yojana: महिलाओं से किया वादा पूरा करने जा रही है भाजपा सरकार : डॉ यू के चौधरी
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली सरकार अपनी प्रस्तावित महिला समृद्धि योजना को रक्षाबंधन के अवसर पर दिल्ली लक्ष्मी योजना के नाम से शुरू करने जा रही है। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा उत्तर पूर्वी जिला अध्यक्ष डॉ यू के चौधरी ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू होने के लिए मैं दिल्ली की महिलाओं को बहुत बहुत बधाई देता हूं और महिलाओं से किया अपना वादा पूरा करने के लिए भाजपा की प्रशंसा करता हूं। उन्होंने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री और सरकार के अन्य मंत्रियों की राय थी कि दिल्ली सरकार की सबसे बड़ी योजना में शहर का नाम आना चाहिए और साथ ही यह दर्शाया जाए कि यह सिर्फ महिलाओं के लिए है, इसी वजह से इस योजना का नाम बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना किया गया है।
श्री चौधरी ने बताया कि दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ 21 से 60 साल तक की महिलाओं को ही मिलेगा व इसके अलावा महिला का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि यही नहीं महिला के परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए और अगर किसी महिला के घर में कार है या कोई सरकारी नौकरी में है या रिटायर्ड है तो भी उस महिला को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। श्री चौधरी ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों की महिलाओं के जीवन स्तर को ऊंचा करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने कहा कि 2500 रुपये की यह मासिक राशि महिलाओं की छोटी बड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहायक साबित होगी। श्री चौधरी ने बताया कि यह योजना केवल दिल्ली के स्थायी निवासियों के लिए है, आवेदक महिला को कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली का निवासी होना जरूरी है और इसके लिए उन्हें अपने निवास प्रमाण पत्र और अन्य सरकारी दस्तावेजों को जमा करना होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता से किए गए अपने सभी वादों को पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।



