Delhi government: दिल्ली सरकार की पहल से लोगों को सरकारी सेवाएं तेजी और आसानी से उपलब्ध होंगी : संदीप कपूर
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली सरकार ने नागरिकों और कारोबारियों को राहत देते हुए सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध 84 सेवाओं के निपटारे की समय सीमा घटा दी है। इसी विषय पर बात करते हुए दिल्ली नगर निगम डेम्स कमेटी के अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि दिल्ली सरकार के इस फैसले से लोगों को और कारोबार से जुड़े लोगों को सरकारी सेवाएं पहले से ज्यादा तेज, आसान और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने डिरेगुलेशन एक्सरसाइज फेज II के तहत प्राथमिकता क्षेत्र 21 पर एक विस्तृत अध्ययन किया जिसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए मिलने वाली सेवाओं में आवेदन से लेकर काम पूरा होने तक कितना समय लगता है और उस समय को कैसे कम किया जा सकता है। श्री कपूर ने बताया कि इस अध्ययन में 18 विभागों को शामिल किया गया और सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध 95 प्रमुख सेवाओं का विस्तार से निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है जहां नागरिक और व्यवसाय विभिन्न लाइसेंस, परमिट, अनुमोदन और क्लीयरेंस के लिए एक ही जगह पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और उन्हें प्राप्त कर सकते हैं।
श्री कपूर ने बताया कि अध्ययन के बाद काम करने की प्रक्रियाओं में कई जरूरी सुधार किए गए है। उन्होंने बताया कि इसका परिणाम यह हुआ कि सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध 84 सेवाओं में आवेदन के निपटारे का समय कम कर दिया गया है और इतना ही नहीं बल्कि कुछ सेवाएं तो अब तुरंत उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्री कपूर ने कहा कि दिल्ली सरकार की इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में कारोबार को करना और उसे आसान बनाना, सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना तथा नागरिकों और व्यवसायों के लिए सरकारी प्रक्रियाओं को सरल करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का सूचना प्रौद्योगिकी विभाग डिजिटल तकनीक और बेहतर कार्यप्रणाली के जरिए लोगों तक तेज, आसान और नागरिक केंद्रित सरकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है।



