Delhi Fire: शाहदरा में घर में भीषण आग, बुजुर्ग दंपति की दर्दनाक मौत
दिल्ली के पूर्वी जिले शाहदरा में एक दर्दनाक हादसे में आग लगने से बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। यह घटना जगतपुरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी इलाके की है, जहां दोपहर के समय एक रिहायशी इमारत की पहली मंजिल पर अचानक आग भड़क उठी। पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 1 बजकर 36 मिनट पर जगतपुरी पुलिस को आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैली, जिससे पूरे घर में धुआं भर गया। आग की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर के अंदर मौजूद बुजुर्ग दंपति बेहोशी की हालत में मिल चुके थे।
मृतकों की पहचान प्रेम सागर मल्होत्रा (75) और उनकी पत्नी आशा मल्होत्रा (65) के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दम घुटने के कारण दोनों की मौत हुई।
पुलिस उपायुक्त शाहदरा प्रशांत गौतम ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से लगी थी। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता जता रहे हैं।


