Delhi Police Encounter: सराय काले खां में बांग्लादेशी गिरोह से मुठभेड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
दिल्ली में क्राइम ब्रांच की टीम और बांग्लादेशी नागरिकों के बीच सराय काले खां इलाके में मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों ओर से गोलीबारी की घटना सामने आई। इस ऑपरेशन के बाद पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुठभेड़ में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में घेराबंदी की थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की और सभी आरोपियों को काबू में कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से चार पिस्टल, जिंदा कारतूस और घर में सेंधमारी करने वाले औजार बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह संगठित तरीके से कई राज्यों में आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दिल्ली के अलावा गोवा, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में वांछित थे। ये लोग बुजुर्गों और अकेले घरों को निशाना बनाकर सोना और नकदी लूटने की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह “Hit-Run-Hide” रणनीति का इस्तेमाल करता था, जिसमें वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत फरार होकर छिप जाना शामिल था। पुलिस को शक है कि ये आरोपी अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में दाखिल हुए थे और यहां कई वारदातों को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके पूरे नेटवर्क, भारत में रहने की अवधि और किसी बड़े आपराधिक गिरोह से संबंधों का पता लगाया जा सके।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़े अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।



