Delhi Encounter: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शार्प शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, बुलेटप्रूफ जैकेट से बची सिपाही की जान
दिल्ली में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार देर रात नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट एंटी नारकोटिक्स टीम और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गैंग से जुड़े दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम का एक कांस्टेबल भी गोली की चपेट में आया, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से उसकी जान बच गई। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों शूटर पश्चिम विहार और वेस्ट विनोद नगर इलाके में हुई फायरिंग और रंगदारी की वारदातों में शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो शार्प शूटर हिरणकी मोड़ के पास आने वाले हैं। इस इनपुट के आधार पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट एंटी नारकोटिक्स टीम ने इलाके में जाल बिछाया। देर रात जैसे ही दोनों बदमाश मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को मौके से ही दबोच लिया गया।
घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दूसरा आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की उम्र कम है, जिनमें से एक नाबालिग भी बताया जा रहा है। दोनों ही आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करते थे और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में फायरिंग कर दहशत फैलाने के साथ-साथ रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद की है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि ये दोनों शूटर पश्चिम विहार स्थित आर.के. फिटनेस जिम और वेस्ट विनोद नगर के एक कारोबारी पर हुई फायरिंग की घटनाओं में सीधे तौर पर शामिल थे। इन वारदातों के बाद से ही दिल्ली पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और राजधानी में गैंगस्टरों और शार्प शूटरों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि भविष्य में होने वाली वारदातों को रोका जा सके।


