Delhi Encounter: द्वारका में डबल एनकाउंटर, रातभर चली कार्रवाई में दो खूंखार अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली के द्वारका जिले में पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए दो खूंखार अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 29-30 मार्च की रात को डाबरी इलाके में हुई हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद यह सफलता हासिल हुई। इस दौरान इलाके में देर रात तक गोलियों की आवाज गूंजती रही, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
दरअसल, डाबरी क्षेत्र में महज 15 मिनट के भीतर चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कीं।
जांच के दौरान द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ और एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की टीमों ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाया। पहली मुठभेड़ द्वारका सेक्टर-17 के पास हुई, जहां पुलिस ने वॉन्टेड अपराधी रोहित कुमार उर्फ ‘नोदा’ को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी नियंत्रित तरीके से जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल जगत सिंह को छूकर निकल गई, जबकि दूसरी गोली एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बावजूद पुलिस ने संयम और सतर्कता दिखाते हुए आरोपी को जिंदा पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के मुताबिक, रोहित उर्फ ‘नोदा’ 29 मार्च को द्वारका इलाके में हुई हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर धारदार हथियार से इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के पास से 7.65 एमएम की पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा, दूसरे आरोपी को भी अलग कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब दोनों अपराधियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क व अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई को दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर अपराध में शामिल आरोपियों को पकड़ लिया। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।



