Delhi crime: दिल्ली में बेटे के जन्मदिन से ठीक पहले युवक की गोली मारकर हत्या, पूरे इलाके में सनसनी
दिल्ली के शाहदरा जिले में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जिसमें 27 वर्षीय युवक गगन को उसके घर के पास गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना नवीन शाहदरा इलाके में शाहदरा थाने के पीछे उस समय घटी जब गगन अपने बेटे के जन्मदिन की तैयारी कर रहा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि कुछ युवक उससे मिलने आए थे, बातचीत के दौरान ही हमलावरों ने उसे पास से गले लगाकर अचानक सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही गगन मौके पर ही गिर पड़ा। हमलावरों ने घटना के बाद एक-दो फायर हवा में भी किए और तुरंत फरार हो गए।
सूचना मिलते ही शाहदरा जिला पुलिस, डीसीपी, शाहदरा थाने के SHO, क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और घटना स्थल से बरामद साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया। मृतक गगन की डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
मृतक के पिता ने बताया कि गगन शाम को घर से यह कहकर निकला था कि वह किसी जानकार से मिलने जा रहा है। वारदात के समय उसका केवल 10 दिन का बेटा घर में था। गगन शादीशुदा था और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है, जिसमें पुराने झगड़े, आपसी विवाद या किसी परिचित का शामिल होना जैसे सभी संभावनाओं को ध्यान में रखा गया है।
पुलिस इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


