Shakurpur Murder: मामूली विवाद में चाकू से हत्या, दिल्ली में सनसनी
राजधानी दिल्ली के शकूरपुर इलाके में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें 50 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, नॉर्थ वेस्ट जिले के संजय पार्क इलाके से रात करीब 9:10 बजे पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें दो पड़ोसी परिवारों के बीच झगड़े की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि कहासुनी के बाद विवाद अचानक हिंसक हो गया।
गुस्से में आरोपियों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान 50 वर्षीय राजकुमार को निशाना बनाते हुए उन पर कई बार चाकू से वार किए गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक इलाके में किराना दुकान चलाते थे और परिवार के इकलौते कमाने वाले थे।
इस हिंसक झगड़े में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।
घटना की सूचना मिलते ही सुभाष प्लेस थाना पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से खून के निशान, हथियार और अन्य अहम सबूत जुटाए गए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। कुछ आरोपी घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के बाद हिरासत में लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत हर एंगल से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश और पुरानी तनातनी से जुड़ा बताया जा रहा है।



