Delhi Crime: बेटे की लड़ाई छुड़ाने आए पिता की नंद नगरी में फायरिंग कर हत्या, परिवार में शादी की सालगिरह पर मातम
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मंगलवार शाम 35 वर्षीय मोहम्मद उमर दीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के दिन परिवार अपनी शादी की 17वीं सालगिरह मना रहा था, लेकिन अचानक घर मातम में बदल गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक का 16 वर्षीय बेटा कैफ शाम करीब पांच बजे ट्यूशन से घर लौट रहा था। इसी दौरान सी-3 ब्लॉक के बड़े स्कूल के पास कुछ परिचित युवकों के बीच कहासुनी और मारपीट हो रही थी। कैफ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। डर के मारे कैफ ने तुरंत अपने पिता मोहम्मद उमर दीन को फोन कर पूरी जानकारी दी।
जान बचाने के लिए मौके पर पहुंचे उमर दीन को प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले से मौजूद युवकों ने घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अचानक फायरिंग हुई और गोली उमर दीन के सीने में लगी। अफरातफरी के बीच परिजन उन्हें आनन-फानन में गुरु तेग बहादुर अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि थाना नंद नगरी में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। घायल को पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ घोषित किया।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
परिवार का कहना है कि मंगलवार को ही उमर दीन और उनकी पत्नी की शादी की 17वीं सालगिरह थी। घर में जश्न की तैयारी थी, लेकिन एक झगड़े ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक की पत्नी और बच्चे गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



