Delhi Crime: गोकुलपुरी में मोमोज खाने निकले दो दोस्तों पर चाकू से हमला, एक की हालत गंभीर
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में सोमवार शाम हुई चाकूबाजी की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि दो दोस्त घर से मोमोज खाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में कुछ बदमाशों ने उन्हें घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक घटना गोकुलपुरी थाना क्षेत्र में अमूल डेयरी के पास कूड़ाघर के समीप हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान घायलों की पहचान संजय कॉलोनी निवासी राहुल (18) और विजय (23) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों युवक शाम के समय गंगा विहार चौक की तरफ गए थे, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने अचानक दोनों पर चाकुओं से हमला शुरू कर दिया। विजय किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रहा, लेकिन उसे भी दो बार चाकू मारा गया। वहीं राहुल पर हमलावर लगातार वार करते रहे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने जब शोर मचाना शुरू किया तो आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना के बाद मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दो लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है।



