
Delhi Crime: मंगोलपुरी में 23 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब N ब्लॉक पार्क के पास 23 वर्षीय युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलावरों की दरिंदगी साफ तौर पर देखी जा सकती है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मृतक की पहचान आकाश उर्फ अक्कू (23) के रूप में हुई है, जो मंगोलपुरी के I ब्लॉक का रहने वाला था। आकाश अपने पिता के साथ मिलकर कचौड़ी का छोटा सा स्टॉल चलाता था और वही परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा था। परिजनों का कहना है कि आकाश के पिता पहले से ही बीमार रहते हैं और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। आकाश की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 4 से 5 युवक अचानक मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के आकाश पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना अचानक और खौफनाक था कि आकाश को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जान बचाने की कोशिश में वह पास के एक घर में घुस गया, लेकिन हमलावरों ने उसे वहां भी नहीं छोड़ा। आरोपियों ने घर के अंदर घुसकर भी उस पर लगातार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद आकाश को लहूलुहान हालत में संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि हमले के दौरान कई पड़ोसी आसपास खड़े थे, लेकिन डर के कारण कोई भी आगे आकर मदद नहीं कर सका।
स्थानीय निवासी कुसुम ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने आकाश को खून से लथपथ हालत में गिरते देखा। उनका कहना है कि इलाके में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश थी या किसी अन्य वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया।





