Home क्राइम Delhi Crime: दिल्ली लक्ष्मी नगर में खुलेआम दबंगई, बाप बेटे को सड़क...

Delhi Crime: दिल्ली लक्ष्मी नगर में खुलेआम दबंगई, बाप बेटे को सड़क पर निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा, CCTV से हड़कंप

0
34

Delhi Crime: दिल्ली लक्ष्मी नगर में खुलेआम दबंगई, बाप बेटे को सड़क पर निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा, CCTV से हड़कंप

दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से दिनदहाड़े कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। 2 जनवरी की बताई जा रही इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ दबंग किस्म के लोग बीच सड़क एक बाप और बेटे को कपड़े उतरवाकर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने न सिर्फ इलाके में दहशत फैला दी बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी पहले पीड़ित राजेश गर्ग को जबरन उनके घर से बाहर खींचकर लाते हैं और फिर सड़क पर ही उनकी पिटाई शुरू कर देते हैं। कुछ ही देर में उनका बेटा भी हमले का शिकार हो जाता है। दबंगों की हैवानियत यहीं नहीं रुकती, दोनों को कपड़े उतारकर सरेआम पीटा जाता है। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, किसी ने भी पीड़ितों को बचाने की कोशिश नहीं की।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पुलिस के सामने भी आरोपी बेखौफ नजर आए। CCTV में एक पुलिसकर्मी पीड़ित को उसके कपड़े उठाकर देते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि आरोपी उसी दौरान सड़क पर मौजूद रहते हुए पीड़ितों को घसीटते रहे। इसके बावजूद पुलिस का दावा है कि आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान विकास यादव, शुभम यादव, ओमकार यादव और पिंटू यादव के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित के घर में जिम चलाने को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था, जो इस हिंसक झड़प में बदल गया।

हालांकि घटना के वक्त आरोपी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि फिलहाल वे फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन अलग अलग टीमें गठित की गई हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। यह घटना राजधानी दिल्ली में दिनदहाड़े बढ़ती दबंगई और कमजोर कानून व्यवस्था की एक और डराने वाली तस्वीर पेश करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here