Delhi Cleanliness खोखले दावों से नहीं, नियमित सफाई से साफ होगी दिल्ली : महेंद्र भास्कर
नई दिल्ली, (रविंद्र कुमार)। दिल्ली को कूड़ा-मुक्त बनाने के लिए शुरू किए गए ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी-स्वच्छता अभियान 2026’ को लेकर करोलबाग जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भास्कर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजधानी की तस्वीर केवल अभियानों की घोषणा और प्रचार से नहीं बदलेगी, बल्कि इसके लिए सफाई व्यवस्था को मजबूत करते हुए उसका असर दिल्ली की सड़कों और गलियों में दिखाई देना चाहिए। महेंद्र भास्कर ने कहा कि सरकार की ओर से स्वच्छता को लेकर अभियान शुरू करना अच्छी बात है, लेकिन दिल्ली की जनता अब घोषणाओं से अधिक जमीनी बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में कूड़े के ढेर, भरी हुई नालियां और नियमित सफाई नहीं होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में सरकार को अभियान के साथ-साथ रोजमर्रा की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि वार्ड स्तर पर स्वच्छता प्रतियोगिता और प्रोत्साहन राशि जैसी घोषणाएं तभी सार्थक होंगी, जब इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले।
उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को अपने आसपास साफ सड़कें, साफ नालियां और समय पर उठता हुआ कूड़ा चाहिए। केवल पुरस्कार और प्रतियोगिता से सफाई व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्वच्छता के नाम पर बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार कर रही है, जबकि सफाई व्यवस्था की वास्तविक चुनौतियों पर पर्याप्त ध्यान दिए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या, जरूरी संसाधन, कूड़ा उठाने की नियमित व्यवस्था और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण पर गंभीरता से काम किया जाना चाहिए। महेंद्र भास्कर ने कहा कि दिल्ली में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड की नियमित निगरानी होनी चाहिए और जहां लापरवाही सामने आए, वहां जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित किए बिना स्वच्छता अभियान को अपेक्षित सफलता मिलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कोई मौसमी अभियान नहीं बल्कि वर्षभर चलने वाली व्यवस्था है। दिल्ली को वास्तव में कूड़ा-मुक्त बनाना है तो सरकार को फोटो खिंचवाने और घोषणाओं से आगे बढ़कर हर इलाके में नियमित सफाई का ठोस इंतजाम करना होगा। करोलबाग जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली की जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी सफाई, जलभराव, कूड़ा निस्तारण तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने सरकार से अपील की कि प्रचार पर कम और जमीन पर काम पर अधिक ध्यान दिया जाए, तभी दिल्लीवासियों को स्वच्छ और बेहतर राजधानी का वास्तविक अनुभव मिल सकेगा।



