दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन को राउज एवेन्यू कोर्ट से आज बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने सत्येंद्र जैन की उस याचिका को सुनवाई के बाद खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने डाइट में ड्राई फ्रूट्स व फलों को भी शामिल करने की गुहार लगाई थी। दरअसल, सत्येंद्र जैन ने याचिका में धार्मिक उपवास के अनुसार जेल में खाना उपलब्ध कराने की मांग की थी, जिसका फैसला शुक्रवार को ही आना था, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते अदालत ने फैसला आज सुनाने की इरादा जताया था। बता दें कि डाइट में बदलाव को लेकर कोर्ट में सुनवाई के दौरान तिहाड़ जेल प्रशासन ने एक वीडियो पेश किया था। इस वीडियो में सत्येंद्र जैन फल खाते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को लेकर सत्येंद्र जैन के अधिवक्ता ने कोर्ट से कहा था कि जिस फल को वीडियो में दर्शाया जा रहा है। वह सत्येंद्र जैन ने खुद के पैसे से खरीदा था।
सत्येंद्र जैन का एक और वीडियो आया सामने
सत्येंद्र जैन का जेल से एक और नया वीडियो सामने आया है। इसमें वह तिहाड़ जेल के सुपरिंटेंडेंट अजीत कुमार के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। BJP नेता हरीश खुराना ने इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया। कैप्शन में लिखा- लो जी नया वीडियो ईमानदार मंत्री जैन का। जेल मंत्री के दरबार में रात 8 बजे हाजिरी देते जेल सुपरिटेंडेंट। शेयर किया गया वीडियो 12 सिंतबर, 2022 का है। इसमें दिख रहा है कि जैन तीन लोगों के साथ बैठें हैं। कुछ देर बाद तीनों उठकर चले जाते हैं और जेल सुपरिंटेंडेंट अजीत कुमार वहां आते हैं और कुर्सी पर बैठ जाते हैं। इस दौरान जैन बेड पर लेटे रहते हैं। दोनों के बीच किसी बात को लेकर चर्चा हो रही है। इन वीडियो को लेकर भाजपा का कहना है कि सत्येंद्र जैन को जेल में इतनी सुविधाएं क्यों दी जा रही हैं? इन वीडियो को लेकर भी सत्येंद्र जैन ने कोर्ट में याचिका लगाई थी, लेकिन इस मामले में उनको कोर्ट ने राहत नहीं दी। इसके बाद मंत्री ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।



