Delhi Building Collapse: नॉर्थ दिल्ली में बड़ा हादसा: पंजाबी बस्ती की चार मंजिला इमारत ढही, 14 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नॉर्थ दिल्ली क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक बड़ी दुर्घटना देखने को मिली जब पंजाबी बस्ती में स्थित चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 2.52 बजे इस हादसे की सूचना मिली। हादसे के समय इमारत खाली थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, पास की इमारतों में फंसे 14 लोगों को दिल्ली फायर सर्विस की टीम ने तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, ढहने का मुख्य कारण इमारत की जर्जर और कमजोर संरचना बताई जा रही है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने पहले ही इस इमारत को खतरनाक घोषित कर दिया था और मकान मालिकों को दो महीने पहले ही इमारत खाली करने का निर्देश दिया गया था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मकान मालिकों ने प्रशासन की चेतावनी के बावजूद इमारत खाली नहीं की। एक स्थानीय युवक ने बताया कि रात में उसने देखा कि इमारत हिल रही थी और उसने आसपास के लोगों को चेताया, जिससे सभी सुरक्षित स्थान पर चले गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन में दिल्ली फायर सर्विस की 5 गाड़ियां, दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां शामिल रही। मलबे में कई वाहन दब गए थे और राहत एवं बचाव कार्य अभी जारी है। प्रशासन ने क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना से पहले, दिल्ली के यमुना विहार इलाके में सोमवार रात एक पिज्जा हट आउटलेट में विस्फोट हुआ था, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट एसी के कंप्रेसर में हुआ था। स्थानीय पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और मामले की गहनता से तफ्तीश जारी है।



