Delhi Acid Attack: दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा पर एसिड अटैक, कॉलेज के पास तीन आरोपियों ने किया हमला
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार इलाके में स्थित लक्ष्मीबाई कॉलेज के पास रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब दिल्ली यूनिवर्सिटी की सेकंड ईयर की एक छात्रा पर एसिड अटैक किया गया। पुलिस के अनुसार यह वारदात सुबह करीब 10 बजे उस वक्त हुई, जब 20 वर्षीय छात्रा अपने कॉलेज की ओर जा रही थी। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए अपना चेहरा बचा लिया, लेकिन इस कोशिश में उसके दोनों हाथ बुरी तरह जल गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सहायता दी और पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि पीड़िता मुकुंदपुर की रहने वाली है और नॉन-कॉलेज छात्रा के रूप में दिल्ली यूनिवर्सिटी से सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही है। उसके बयान के अनुसार, जब वह कॉलेज जा रही थी, तभी उसके जान-पहचान वाले जितेंद्र ने अपने दो साथियों ईशान और अरमान के साथ मोटरसाइकिल पर आकर उस पर हमला किया। आरोप है कि ईशान ने अरमान को एक बोतल दी, जिसमें एसिड जैसा ज्वलनशील पदार्थ था, जिसे अरमान ने पीड़िता पर फेंक दिया। हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि जितेंद्र पिछले कुछ समय से पीड़िता का पीछा कर रहा था और एक महीने पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में यह घटना व्यक्तिगत रंजिश और पीछा करने के कारण हुई प्रतीत हो रही है। मौके पर पहुंची क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने पीड़िता के बयान और उसके जले हुए हाथों की चोटों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलेज के आसपास के इलाकों में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है, जबकि छात्र संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और पीड़िता के लिए न्याय की मांग की है।



