Home दिल्ली-एनसीआर Delhi accident: 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ी ऑडी ने मचाया...

Delhi accident: 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ी ऑडी ने मचाया कहर, तीन कारों को रौंदते हुए ट्रक में घुसी

0
71

Delhi accident: 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ी ऑडी ने मचाया कहर, तीन कारों को रौंदते हुए ट्रक में घुसी

दिल्ली के ओखला फेज-एक इलाके में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक ऑडी कार अनियंत्रित होकर खड़ी गाड़ियों से टकराती हुई एक कंटेनर ट्रक में जा घुसी। हादसे में ऑडी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार चला रहा युवक एयरबैग खुलने की वजह से गंभीर चोट से बच गया। चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 12 बजकर 41 मिनट पर ए-230, ओखला फेज-एक के सामने सर्विस रोड पर हुआ। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त हेमंत तिवारी ने बताया कि पीसीआर को कई गाड़ियों के आपस में टकराने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया गया।

जांच में सामने आया कि इलेक्ट्रिक ऑडी क्यू-आठ ई-ट्रॉन कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी, जिसकी गति करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ऑडी सबसे पहले सर्विस लेन के किनारे खड़ी तीन कारों से टकराई, जिससे उन कारों को भी नुकसान पहुंचा। इसके बाद कार आगे जाकर सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी, जहां जाकर वाहन रुका।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑडी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हालांकि कार के एयरबैग खुल जाने से चालक की जान बच गई। पुलिस ने बताया कि चालक को केवल मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय चालक नशे में तो नहीं था। सौभाग्य से इस दुर्घटना में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here