Deepak Gaba: जनकल्याण शिविर लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बने : दीपक गाबा
नई दिल्ली (रविंद्र कुमार): केंद्र और दिल्ली सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजधानी में आयोजित किए जा रहे जनकल्याण शिविर लोगों के लिए राहत और सुविधा का बड़ा माध्यम बनकर उभर रहे हैं। इन शिविरों के जरिए नागरिकों को अपने घरों के नजदीक ही विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि जनकल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। दीपक गाबा ने कहा कि पहले लोगों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, स्वास्थ्य योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य सरकारी सेवाओं से संबंधित कार्यों के लिए कई कार्यालयों में जाना पड़ता था। लेकिन अब जनकल्याण शिविरों के माध्यम से अधिकांश सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों का समय, श्रम और धन तीनों की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा और जरूरतमंद लोग पहुंच रहे हैं और अपनी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं। लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर आवेदन और शिकायत निवारण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। यही कारण है कि जनकल्याण शिविरों को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। दीपक गाबा ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में लगाए जा रहे जनकल्याण शिविरों में पहुंचकर सरकार की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठाएं तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।



