सत्य के साथ • आपके साथशुक्रवार, 27 नवंबर 2026
ADVERTISEMENTविज्ञापन के लिए संपर्क करेंCPN NEWS • YOUR BRAND HERE
ताज़ा खबर
Guru Nanak Dev Ji Prakash Purab: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर डॉ. गुरमीत सिंह सूरा ने वृद्धजनों के बीच मनाया सेवा पर्वYamuna river cleaning: यमुना सफाई की दिशा में सरकार के प्रयास सराहनीय : दर्शन सिंहDelhi skill development center: युवाओं और महिलाओं को रोज़गार से जोड़ने के दिल्ली सरकार के प्रयास शानदार : प्रवेश शर्माPolice Company Fardeen Khan: राम गोपाल वर्मा की फिल्म से फरदीन खान का डार्क लुक हुआ लीकRewa Gurukul Hostel Death: रीवा के गुरुकुल छात्रावास में 13 साल के छात्र की मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंकाJamia Show Cause Notice: कैंपस में प्रदर्शन करने वाले 12 छात्रों को जामिया ने भेजा कारण बताओ नोटिसOm Kumar Election Cancelled: नहटौर से बीजेपी विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कियाTamil Nadu Paternity Leave: पुरुष सरकारी कर्मचारियों को पहली बार 15 दिन का पितृत्व अवकाश, सीएम विजय का फैसला

CP Radhakrishnan Vice President: सीपी राधाकृष्णन ने ली उपराष्ट्रपति पद की शपथ, असाधारण रहा राजनीतिक सफर

3 मिनट पढ़ें
Advertisement

CP Radhakrishnan Vice President: सीपी राधाकृष्णन ने ली उपराष्ट्रपति पद की शपथ, असाधारण रहा राजनीतिक सफर

नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में सीपी राधाकृष्णन ने देश के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 67 वर्षीय राधाकृष्णन ने हाल ही में हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और पूर्व जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 मतों के अंतर से हराया था। यह चुनाव 9 सितंबर को कराया गया था, क्योंकि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से अचानक इस्तीफा दे दिया था, जबकि उनका कार्यकाल अभी दो वर्ष शेष था।

उपराष्ट्रपति चुने जाने से पहले राधाकृष्णन महाराष्ट्र के राज्यपाल थे। शपथ ग्रहण से एक दिन पहले ही उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

राधाकृष्णन का राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन काफी लंबा और उल्लेखनीय रहा है। उनका सफर छात्र आंदोलनों से शुरू होकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव और फिर भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका तक फैला। तमिलनाडु के कोयंबटूर से आने वाले राधाकृष्णन 1998 और 1999 में दो बार लोकसभा सांसद चुने गए। हालांकि 2004, 2014 और 2019 में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। सांसद रहते उन्होंने कपड़ा मंत्रालय की संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्षता की और स्टॉक एक्सचेंज घोटाले की जांच के लिए गठित विशेष समिति में भी योगदान दिया।

भाजपा संगठन में वह एक मजबूत स्तंभ माने जाते हैं। 2004 से 2007 तक तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने 93 दिनों में 19,000 किलोमीटर लंबी रथ यात्रा निकाली। इसका उद्देश्य देश की नदियों को जोड़ना, आतंकवाद उन्मूलन, समान नागरिक संहिता लागू करना, अस्पृश्यता निवारण और नशाखोरी से लड़ना था। इसके अलावा, 2020 से 2022 तक उन्होंने केरल भाजपा प्रभारी के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Advertisement

सार्वजनिक जीवन में राधाकृष्णन की भूमिका केवल राजनीति तक सीमित नहीं रही। उन्होंने 2004 में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया और भारत के पहले संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में ताइवान का दौरा किया। 2016 में उन्हें कोच्चि स्थित कॉयर बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया, जहां उनके नेतृत्व में भारत से नारियल रेशे का निर्यात कई गुना बढ़ा।

उनकी राजनीतिक यात्रा में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन उनका सरल स्वभाव और संगठनात्मक क्षमता ने उन्हें निरंतर आगे बढ़ाया। उन्हें उनके समर्थक तमिलनाडु का “मोदी” भी कहते हैं। राधाकृष्णन ओबीसी समुदाय कोंगु वेल्लार (गाउंडर) से आते हैं। उनकी पत्नी का नाम सुमति है और उनके एक बेटा और एक बेटी हैं।

आज जब उन्होंने देश के उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली, तो यह न केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष और समर्पण का परिणाम है बल्कि दक्षिण भारत में भाजपा के विस्तार और राष्ट्रीय राजनीति में उनके योगदान की भी मान्यता है।

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया?

आपकी राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *