Burari Road condition: बुराड़ी 100 फुटा रोड बन रहा गड्ढों, गंदे पानी और जाम का नरक : आदेश भारद्वाज
उपराज्यपाल और सी.एम.को लिखा पत्र
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : दिल्ली के बुराड़ी इलाके की जीवन रेखा मानी जाने वाली मुख्य 100 फुटा सड़क बुरी तरह जर्जर हो चुकी है। सीवर खोदने के नाम पर चल रहे कार्य से सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, टूटा पेवमेंट और उबड़-खाबड़ सतह ने वाहन चालकों के लिए भयंकर जाम जैसी रोजमर्रा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी वाहनों के गुजरने से सड़क और भी खस्ताहाल होती जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। सुबह-शाम पैदल स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे , बच्चियों के अलावा बुर्जुग और महिलाओं की परेशानी के साथ साथ बसें, ऑफिस जाने वाले लोग और स्थानीय बाजार की गाड़ियां इस सड़क पर फंसकर घंटों जाम में फंस जाती हैं। इस विषय पर उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और संबंधित विभागों को पत्रकार के माध्यम से समय समय पर शिकायत भेजते रहे करावल नगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदेश भारद्वाज का कहना है कि इस समस्या के साथ ही निगम और पी.डब्लू.डी के नालों की जाम की स्थिति ने हालात को और बदतर बना दिया है।

बारिश के मौसम की तो छोड़िए बिना बारिश के मौसम में भी गलियों और सड़कों पर गंदा पानी भर जाता है। सड़क किनारे की गलियों में काला-हरा पानी जमा रहता है, जिससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। बच्चे स्कूल जाते वक्त इस गंदे पानी से गुजरने को मजबूर हैं। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए तो यह रोजाना की चुनौती बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों में जमा कचरा, सिल्ट और प्लास्टिक के कारण पानी का निकास रुक गया है। आदेश ने आगे बताया कि मैं कई बार उपराज्यपाल जी, मुख्यमंत्री जी के अलावा संबंधित को भी इस विषय पर अवगत करा चुका हूं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। पत्र में सड़क की मरम्मत, नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग के साथ पत्र में तस्वीरें भी संलग्न की गई है, जिनमें सड़क की जर्जर स्थिति और गंदे पानी से भरी गलियों को साफ दिखाया गया था। लेकिन पत्र भेजे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
दरअसल संत नगर, बंगाली कॉलोनी के पास से निकल रहे फ्लड डिपार्टमेंट के कादीपुर से आ रहे नाले की सफाई पिछले कई वर्षों से रुकी पड़ी है। उसी नाले में मेन रोड से आ रहे 4 फूटे PWD के नाले गिरते हैं और इन्हीं नालों में गांव और कालोनियों से आने वाली निगम की नालियां गिरती हैं। लेकिन फ्लड डिपार्टमेंट के नाले के जाम होने से कॉलोनियो से आने वाला गेंद पानी गलियों और मेन रोड पर बहता रहता है। उस पर मेन रोड पर चल रहा सीवर की खुदाई से निकल रही गाद और पानी जब पी.डब्लू.डी. के नाले से निकलकर मेन 100 फूटा रोड पर फैलता है तो उससे स्थिति और भयावह हो जाती है।



