Amroha Crime: अमरोहा में निक्की भाटी जैसा सनसनीखेज कांड, सिपाही ने पत्नी को जिंदा जलाया, हालत नाजुक
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां यूपी पुलिस के एक सिपाही ने अपने परिवार के साथ मिलकर पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की। महिला गंभीर रूप से झुलस गई और उसे दिल्ली रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। यह मामला ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की भाटी कांड की याद दिलाता है, जिसने पूरे प्रदेश को हिला दिया था।
यह वारदात डिडौली थाना क्षेत्र के नारंगपुर गांव की है। आरोपी सिपाही का नाम देवेंद्र है और पीड़िता पत्नी का नाम पारुल। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को पारुल को उसके पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने जिंदा जलाने का प्रयास किया। गंभीर रूप से झुलसी पारुल को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के हायर सेंटर में शिफ्ट करना पड़ा।
पारुल की मां अनीता ने बताया कि करीब 13 साल पहले उसकी शादी देवेंद्र से हुई थी। उनके दो जुड़वा बच्चे हैं – एक बेटा और एक बेटी। पारुल स्वास्थ्य विभाग में जीएनएम के पद पर कार्यरत रही है। घटना के दिन पड़ोसियों ने फोन पर अनीता को सूचना दी कि उसकी बेटी को आग लगा दी गई है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो पारुल झुलसी हालत में तड़प रही थी।
पारुल के भाई की शिकायत पर डिडौली थाने में मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में पति देवेंद्र, देवर सोनू, पिता गजेश, माता अनीता, जितेंद्र और संतोष के नाम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
फिलहाल दिल्ली में डॉक्टरों की एक टीम पारुल का इलाज कर रही है। उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। इस घटना ने पूरे अमरोहा जिले में आक्रोश और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि एक पुलिसकर्मी, जो कानून की रक्षा करने की शपथ लेता है, वह इतनी बड़ी हैवानियत कैसे कर सकता है।



