Reliance Power ED raid: अनिल अंबानी और रिलायंस पावर से जुड़ी कंपनियों पर ED की छापेमारी, 12 जगहों पर 15 टीमों ने डाली रेड
मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज उद्योगपति अनिल अंबानी और रिलायंस पावर लिमिटेड से जुड़े कई व्यवसायों और अधिकारिक ठिकानों पर व्यापक छापेमारी की। मीडिया सूत्रों के अनुसार, मुंबई में 10 से 12 जगहों पर एक साथ यह कार्रवाई की गई, जिसमें करीब 15 विशेष टीमों ने शामिल होकर रिलायंस पावर से जुड़े लोगों के दफ्तरों और आवासों पर तलाशी शुरू की।
सूत्रों के अनुसार यह छापेमारी रिलायंस पावर से जुड़े संदिग्ध फंड ट्रांसफर और वित्तीय लेनदेन की जांच का हिस्सा है। फिलहाल, ED ने शुक्रवार की इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
यह कार्रवाई पिछले महीनों में अनिल अंबानी और उनकी कंपनियों के खिलाफ चल रही जांच का हिस्सा है। इससे पहले, ED ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) के बैंक धोखाधड़ी मामले में अनिल अंबानी के पाली हिल स्थित आलीशान आवास ‘एबोड’ (Abode) को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इस संपत्ति की कीमत 3,716.83 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
पिछले महीने के अंत में, CBI ने भी बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत पर अनिल अंबानी के आवास और RCom के कार्यालयों की तलाशी ली थी। CBI की FIR के अनुसार, रिलायंस कम्युनिकेशंस ने बैंक ऑफ बड़ौदा को 2,220 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि कंपनी ने कर्ज के पैसों का गलत इस्तेमाल किया और फर्जी लेनदेन के जरिए धन को इधर-उधर किया। साथ ही, कंपनी के खातों (Books of Accounts) में हेराफेरी कर अनियमितताओं को छिपाने का प्रयास किया गया।
इस ताजा छापेमारी के साथ ED लगातार वित्तीय अनियमितताओं और धोखाधड़ी के मामलों की गहन जांच कर रही है। जांच का दायरा अनिल अंबानी और उनकी कंपनियों के सभी वित्तीय लेनदेन तक विस्तारित किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार के आर्थिक अपराध की सही जानकारी सामने आ सके।



