कवि सम्मेलन एवं गौ सेवक सम्मेलन का आयोजन गौ माता की महिमा का गुणगान किया कवियों नें
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : सर्वोदय प्रभात पार्टी द्वारा गौमाता राष्ट्रमाता संकल्प अभियान के अंतर्गत एक भव्य कवि सम्मेलन एवं गौसेवक सम्मेलन का आयोजन श्री राम मंदिर, नियर ताहिरपुर रेड लाइट, दिलशाद गार्डन, दिल्ली में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पत्रकार विश्वेंद्र कुमार की उपस्थिति रही। यह आयोजन सर्वोदय प्रभात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज गुप्ता द्वारा शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज से प्रेरणा लेकर किया । कार्यक्रम का उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने हेतु सामाजिक, सांस्कृतिक एवं वैचारिक चेतना का विस्तार करना रहा। इस अवसर पर आमंत्रित कवियों में रामचरण सिंह साथी , पी.के. आज़ाद , अजय मिश्रा ‘दबंग’ , अंकित चहल ‘विशेष’ शामिल रहे।
मंच संचालन पी के आजाद द्वारा किया गया। आमंत्रित वक्ताओं के रूप में आचार्य आशीष तिवारी अमित प्रजापति ,रुद्र विक्रम सिंह एडवोकेट, धीरेंद्र कुमार . सुजीत कुमार पी.के. राघव , श्याम बहादुर गुप्ता सहित रितेश राघव , कार्तिकेय यादव , राकेश प्रजापति , अनिल यादव , प्रमोद गुप्ता की गरिमामय उपस्थिति रही। अपने उद्बोधन में मुख्य वक्ता आशीष तिवारी ने कहा कि जिस प्रकार राष्ट्रीय पक्षी मोर की हत्या पर राष्ट्रद्रोह की सजा का प्रावधान है, उसी प्रकार *गौमाता की हत्या पर भी राष्ट्रद्रोह की सजा का कानून बनना चाहिए।
अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यदि आने वाले समय में सनातन धर्म पर कोई भी आँच आती है, तो वे अपने सहयोगियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार के विरुद्ध संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आज समाज में कुछ लोग “वास्तविक हिंदू” और “नकली हिंदू” की बहस खड़ी कर रहे हैं, किंतु आने वाला समय स्वयं यह सिद्ध करेगा कि वास्तविक हिंदू कौन है और नकली कौन। अपने ओजस्वी वक्तव्य के साथ-साथ श्री गुप्ता ने अपनी कविता के माध्यम से गौ माता की महिमा, पीड़ा और संरक्षण का संदेश देकर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।



