Basti love jihad case: बस्ती में लव जाल का खौफनाक खुलासा, 300 से ज्यादा लड़कियों के अंतरंग वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, विदेशों तक फैला नेटवर्क
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से सामने आया यह मामला इंसानियत को झकझोर देने वाला है। प्यार, भरोसे और शादी के झूठे वादों के नाम पर रची गई एक सुनियोजित साजिश में सैकड़ों लड़कियों को कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाया गया, फिर उनके निजी और अंतरंग पलों के वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया गया। आरोप है कि इसी ब्लैकमेलिंग के जरिए कई पीड़िताओं को जबरन देह व्यापार के दलदल में धकेला गया, जिनमें कुछ को देश के अलग-अलग राज्यों और नेपाल जैसे विदेशी ठिकानों तक भेजा गया।
मामले की शुरुआत बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की शिकायत से हुई, जो बस्ती शहर के एक निजी अस्पताल में काम करती थी। पीड़िता के अनुसार जनवरी 2022 में उसकी मुलाकात अजफरुल हक उर्फ प्रिंस नाम के युवक से हुई। युवक ने खुद को हिंदू बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और भरोसा जीतने के लिए हाथ में कलावा तक पहनता था, ताकि किसी तरह का शक न हो। बेहतर नौकरी और मदद का झांसा देकर उसने धीरे-धीरे युवती को भावनात्मक रूप से अपने जाल में फंसा लिया।
पीड़िता का आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती शादी की बात लेकर आरोपी के घर पहुंची तो हालात और भयावह हो गए। आरोप है कि वहां आरोपी, उसके भाई और अन्य सहयोगियों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर न सिर्फ उसे बल्कि उसके पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अगर वह आरोपी के पास नहीं जाती थी तो उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता। यहां तक कि उसके भाई के अपहरण की धमकी भी दी गई। इन हालातों में वह डर और मजबूरी के चलते लंबे समय तक आरोपी के संपर्क में रहने को विवश रही। इसी दौरान उसके निजी पलों के वीडियो और फोटो बनाए गए, जिन्हें बाद में ब्लैकमेलिंग के हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसका गिरोह इसी तरीके से कई लड़कियों को निशाना बनाता था। आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने, परिवार की बदनामी और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर लड़कियों को पूरी तरह तोड़ दिया जाता था। पीड़िता का दावा है कि अजफरुल हक उर्फ प्रिंस और उसका भाई इस तरह करीब 300 से ज्यादा लड़कियों को प्रेम जाल में फंसा चुके हैं और उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अजफरुल हक उर्फ प्रिंस पहले से ही थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उस पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी के परिवार के सदस्य भी इस पूरे नेटवर्क में शामिल थे और उन्होंने भी उसे देह व्यापार की ओर धकेलने की कोशिश की। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह कोई एक मामला नहीं, बल्कि संगठित अपराध है, जिसका नेटवर्क बस्ती तक सीमित न होकर देश और विदेशों तक फैला हुआ है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियां पीड़िताओं की संख्या, वीडियो के नेटवर्क और अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पड़ताल में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दायरे में आने वाले हर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।



