बजट बढ़ने से क्षेत्र में तेजी विकास करा सकेंगे निगम पार्षद : मुकेश बंसल
लोगो को होगा एहसास ट्रिपल इंजन सरकार का
– हर्ष भारद्वाज –
नई दिल्ली , दिल्ली के निगम पार्षद अब अपने क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से करा सकेंगे और दिल्ली में अब ट्रिपल इंजन की सरकार की मौजूदगी का एहसास होगा | यह कहना है शाहदरा उत्तरी जोन वार्ड कमेटी के डिप्टी चेयरमैन तथा कर्दम पुरी वार्ड से निगम पार्षद मुकेश बंसल का | मुकेश बंसल कहते हैं भारतीय जनता पार्टी जो कहती है उसे पूरा करके दिखाती है | दिल्ली में जबसे ट्रिपल इंजन की सरकार अस्तित्व में आई है तभी से विकास कार्यों में तेजी आई है और नई-नई योजनाएं बनाई जा रही है | पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली के विकास ढांचे को ध्वस्त करके चली गई थी जिसे पटरी पर लाने का प्रयास रेखा गुप्ता सरकार कर रही है |
मुकेश बंसल कहते हैं सभी पार्षदों को अब अपने-अपने इलाकों में विकास कार्यों के लिए 2-2 करोड़ रुपये का बजट देने की तैयारी की जा रही है। स्टैंडिंग कमिटी चेयरमैन सत्या शर्मा ने बुधवार को सदन की स्पेशल बैठक में साल 2025-26 के संशोधित बजट अनुमान और साल 2026-27 के बजट अनुमानों को लेकर वक्तव्य पेश किया। अपने बजट भाषण में हर निगम पार्षद को सालाना दो करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। मुकेश बंसल कहते हैं इस निर्णय से दिल्ली के विकास की गति को बल मिलेगा और निगम पार्षद लोगो की सुविधा के अनुरूप अपने वार्ड में कार्य करा सकेंगे |
पार्षद इस बजट का इस्तेमाल इलाके में विकास कार्यों पर कर सकेंगे। बजट में मेयर और स्टैंडिंग कमिटी चेयरमैन के फंड में भी वृद्धि करने की बात कही है। इस समय निगम पार्षदों की संख्या 250 है। निगम का एकीकरण होने के बाद साल 2022 से पार्षदों को फंड नहीं मिल पा रहा था। हर साल पार्षदों को मुश्किल से 25 से 30 लाख तक का ही फंड मिल पा रहा था। इस वजह से कॉलोनियों में विकास कार्य करने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता रहा है | लोगो को पार्षदों से बहुत अपेक्षाएं होती हैं लेकिन कम बजट के चलते ऐसा नहीं हो पा रहा था लेकिन अब पार्षदों को काफी राहत मिलेगीं | मुकेश बंसल बताते हैं ट्रिपल इंजन सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री कोष से भी पार्षदों को बजट दिया जाएगा लिहाजा अब विकास कार्यों में तेजी आएगी जिससे जनता को सीधे फायदा मिलेगा |
मुकेश बंसल कहते हैं पार्षद हर बैठक में फंड की डिमांड करते आ रहे थे, जो अब पूरी हुई है , पार्षद फंड की धनराशि चार किश्तों में जारी की जाएगी। प्रत्येक तिमाही शुरू होने के 10 दिन के अंदर किश्त जारी कर दी जाएगी। बजट में हर पार्षद को एक डेटा एंट्री ऑपरेटर देने का भी प्रावधान किया गया है। मेयर फंड को 12 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ और स्टैंडिंग कमिटी चेयरमैन के फंड को भी 10 करोड़ से बढ़ाकर 15 करोड़ करने का प्रस्ताव है।



