Air India flight cancelled: न्यूयॉर्क और नेवार्क की उड़ानें 25-26 जनवरी को रद्द, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
अमेरिका में संभावित भीषण और ऐतिहासिक विंटर स्टॉर्म के खतरे को देखते हुए एयर इंडिया ने बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के नेवार्क से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को रद्द कर दिया है। यह निर्णय यात्रियों और एयरक्रू की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। एयर इंडिया ने इस संबंध में आधिकारिक ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर दी है और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अमेरिका के ईस्ट कोस्ट में मौसम की स्थिति बेहद खराब होने की आशंका है। न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और आसपास के इलाकों में रविवार सुबह से सोमवार तक भारी बर्फबारी, तेज हवाएं और अत्यधिक ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। इन हालातों में हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो सकता है, जिससे उड़ानों का सुरक्षित संचालन संभव नहीं रहेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए एयर इंडिया ने 25 और 26 जनवरी को इन रूट्स पर सभी फ्लाइट्स रद्द करने का फैसला किया है।
एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें और किसी भी सहायता के लिए कस्टमर सपोर्ट से संपर्क में रहें। जिन यात्रियों की फ्लाइट्स रद्द हुई हैं, उनके लिए रीबुकिंग, रिफंड और अन्य विकल्पों को लेकर जानकारी एयरलाइन की ओर से दी जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, अमेरिका इस समय एक रिकॉर्ड तोड़ विंटर स्टॉर्म की चपेट में है। नेशनल वेदर सर्विस (NWS) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यह तूफान सेंट्रल प्लेन्स से लेकर नॉर्थ-ईस्ट अमेरिका तक करोड़ों लोगों को प्रभावित कर सकता है। कई इलाकों में भारी बर्फबारी, बर्फीली बारिश और जानलेवा ठंड के कारण सड़क यातायात ठप होने, उड़ानें रद्द होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी विंटर स्टॉर्म को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) को पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है। राष्ट्रपति के अनुसार, संघीय और स्थानीय एजेंसियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। विंटर स्टॉर्म के चलते आने वाले दिनों में अमेरिका के कई हिस्सों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहने की संभावना है।



