Rinku Singh controversy: रिंकू सिंह विवाद पर बहन नेहा सिंह ने मांगी माफी, सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा मामला
अलीगढ़ के चर्चित क्रिकेटर रिंकू सिंह एक बार फिर विवादों में आ गए हैं, इस बार वजह उनके सोशल मीडिया से जुड़ी गतिविधियां हैं। 18 जनवरी को रिंकू सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर एक एआई जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें देवताओं को थार गाड़ी में बैठे हुए दिखाया गया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद करणी सेना ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए सासनी गेट थाने में रिंकू सिंह के खिलाफ तहरीर दी।
मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि 20 जनवरी को रिंकू सिंह की बहन नेहा सिंह की फेसबुक पोस्ट ने विवाद को और हवा दे दी। नेहा सिंह ने अपने पोस्ट में भाई का समर्थन करते हुए लिखा कि उनसे और रिंकू से गलती हो गई है और वह इसके लिए माफी मांगती हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े एक पुराने विवाद का जिक्र करते हुए तंज भी कसा। पोस्ट में कहा गया कि जब पहले हनुमान जी को पतंग के रूप में दिखाया गया था, तब किसी ने विरोध नहीं किया, क्योंकि लोग अंधभक्त हैं। इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया। विवाद बढ़ता देख देवताओं वाला एआई वीडियो सोशल मीडिया से हटा लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिंह मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि करणी सेना की शिकायत पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नेहा सिंह ने यह भी कहा है कि उनके भाई के खिलाफ थाने में शिकायत दी गई है और परिवार इस पूरे मामले से आहत है।



