Bijapur encounter: बीजापुर में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, 4 महिला समेत 6 माओवादी ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच एक बड़ी और भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें चार महिलाओं सहित कुल छह माओवादी मारे गए। यह मुठभेड़ थाना भोपालपटनम और थाना फरसेगढ़ के सरहदी जंगल और पहाड़ी इलाके में स्थित नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई। मुठभेड़ के बाद इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और माओवादी साहित्य बरामद किया गया, जिससे माओवादियों की बड़ी साजिश को नाकाम किया गया।
बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे अभियान की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नेशनल पार्क एरिया कमेटी के डीवीसीएम दिलीप बेंडजा और अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ और सीआरपीएफ 214 बटालियन की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी अभियान के दौरान माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी चली।
मुठभेड़ समाप्त होने के बाद सर्च ऑपरेशन में नेशनल पार्क एरिया कमेटी के इंचार्ज और डीवीसीएम दिलीप बेंडजा सहित कुल छह माओवादियों के शव बरामद किए गए। दिलीप बेंडजा पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 135 आपराधिक मामले दर्ज थे। उसके साथ मारे गए अन्य माओवादियों में एसीएम माड़वी कोसा, पालो पोड़ियम, लक्खी मड़कम, जुगलो बंजाम और राधा मेट्टा शामिल हैं। इन सभी माओवादियों पर कुल मिलाकर 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने बड़ी संख्या में हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इनमें दो एके-47 राइफल, दो अन्य राइफल, एक कार्बाइन, एक बीजीएल लॉन्चर, ग्रेनेड, भारी मात्रा में गोला-बारूद, वायरलेस सेट, विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य और दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं शामिल हैं। बरामद हथियार इस बात की पुष्टि करते हैं कि माओवादी किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि यह अभियान बेहद दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाया गया। घने जंगल और पहाड़ी इलाके में ऑपरेशन के दौरान जवानों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसी दौरान जंगली जानवरों के हमले में दो जवान घायल हो गए, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया है। दोनों जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में बीजापुर जिले में अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान सुरक्षाबलों ने 163 माओवादियों को मार गिराया था। वर्ष 2026 में अब तक 8 माओवादी मारे जा चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक जिले में चलाए गए माओवादी विरोधी अभियानों में कुल 229 माओवादी ढेर किए गए हैं, 1,126 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है और 876 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापसी की है।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि लगातार आसूचना आधारित अभियानों और स्थानीय लोगों के सहयोग से बस्तर क्षेत्र में माओवादी प्रभाव तेजी से कमजोर हुआ है। उन्होंने शेष माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने और समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील भी की है।



