Sambhal dog attack: संभल में आवारा कुत्तों का कहर: 9 साल की बच्ची को नोच-नोचकर मार डाला, एक हाथ लेकर भागे कुत्ते
उत्तर प्रदेश के संभल जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्ची की बेरहमी से जान ले ली। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के पोटा गांव में 9 साल की रिया गौतम अपनी मां और दादी के साथ खेत से चारा लेने गई थी। खेत में मां और दादी चारा इकट्ठा करने में लगी थीं, जबकि रिया पास ही इधर-उधर घूम रही थी। इसी दौरान 15 से 20 आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्ची को अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले में कुत्तों ने रिया को जमीन पर गिरा दिया और बुरी तरह नोचने लगे। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर मां और दादी सहित परिजन और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक कुत्ते मासूम को गंभीर रूप से घायल कर चुके थे। हमले के दौरान कुत्तों ने रिया का एक हाथ काटकर अलग कर दिया और उसे लेकर भाग गए। किसी तरह ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाकर बच्ची को छुड़ाया, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी।
परिजन रिया को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक बच्ची के चचेरे भाई तरुण ने बताया कि गांव और आसपास के इलाकों में पिछले छह महीनों से आवारा कुत्तों का आतंक फैला हुआ है। इससे पहले भी कई लोग इन कुत्तों के हमलों का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे आवारा कुत्तों से निजात के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



