Fatehpur Accident: फतेहपुर में पुरानी फैक्ट्री की दीवार गिरने से बड़ा हादसा, एक मजदूर की मौत, चार घायल
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर ज़िले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक पुरानी बंद फैक्ट्री की दीवार गिरने से नाला निर्माण कार्य में लगे पांच मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह घटना फतेहपुर के मलवां थाना क्षेत्र स्थित सौरा इंडस्ट्रियल एरिया की है। पुलिस के अनुसार, यहां एक बंद पड़ी फैक्ट्री के पास जेसीबी मशीन से नाला खोदने और निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक फैक्ट्री की जर्जर और पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में काम कर रहे मजदूर आ गए। दीवार गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मलवां थाना प्रभारी राज किशोर सरोज ने बताया कि मलबे में दबे मजदूरों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे में लखीमपुर खीरी निवासी राजेंद्र (45) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सीतापुर जिले के रहने वाले कल्लू (18), संदीप (32), कुन्नू (28) और कुलदीप (18) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नाला खोदने और निर्माण कार्य का ठेका लखनऊ की एक निजी कंपनी को दिया गया था। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह भी जांच की जा रही है कि बिना सुरक्षा इंतजामों के काम क्यों कराया जा रहा था और जर्जर दीवार को पहले क्यों नहीं गिराया गया।
हादसे के बाद प्रशासन ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद अन्य जर्जर ढांचों की स्थिति की भी जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि परिजनों को सूचना दे दी गई है। यह हादसा एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।



